IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मुकाबले का काउंटडाउन शुरू! जानिए कब, कहां और कैसे देखें लाइव मैच

IND vs PAK Live Streaming: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंचने लगा है और क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं.

India vs Pakistan match Live Streaming ICC Womens T20 world cup
Image Source: Magnific

IND vs PAK Live Streaming: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंचने लगा है और क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं. दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमें 14 जून को आमने-सामने होंगी. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ करना चाहेगी, जबकि पाकिस्तान की टीम भी बड़ा उलटफेर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी.

कब और कहां खेला जाएगा भारत-पाक मुकाबला?

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला इंग्लैंड के बर्मिंघम स्थित एजबेस्टन स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस के लिए दोनों कप्तान शाम 6:30 बजे मैदान पर उतरेंगी. क्रिकेट जगत की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विताओं में शामिल यह मुकाबला टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में ही फैंस को रोमांच का बड़ा डोज देने वाला है.

कहां देख सकते हैं लाइव मैच?

अगर आप इस मुकाबले का लाइव आनंद लेना चाहते हैं तो इसे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर देखा जा सकता है. वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. ऐसे में मोबाइल, टैबलेट या स्मार्ट टीवी के जरिए भी क्रिकेट प्रशंसक इस मैच का पूरा रोमांच घर बैठे उठा सकेंगे.

हेड टू हेड रिकॉर्ड 

भारत और पाकिस्तान की महिला टीमें टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक आठ बार आमने-सामने आ चुकी हैं. इनमें से छह मुकाबलों में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान को केवल दो मैचों में सफलता मिली है. पिछली बार 2024 के महिला टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों की भिड़ंत हुई थी, जहां भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था. आंकड़ों के लिहाज से टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आता है, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में किसी भी परिणाम की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

ये भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026: ड्रॉ के बावजूद कनाडा ने बनाया इतिहास, फीफा वर्ल्ड कप में पहली बार हुआ ऐसा