सावधान! देश में कोरोना केस नवंबर के बाद 10 हजार के पार, महाराष्ट्र में हालात चिंताजनक

    देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 10 हजार के पार चली गई है। पिछले 24 घंटों में 1,805 नए मरीज मिले। वहीं, 6 लोगों ने दम तोड़ दिया। इससे पहले शनिवार को 1,890 कोरोना केस मिले थे और 7 मौतें हुई थीं।

    देश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 10 हजार के पार चली गई है। पिछले 24 घंटों में 1,805 नए मरीज मिले। वहीं, 6 लोगों ने दम तोड़ दिया। इससे पहले शनिवार को 1,890 कोरोना केस मिले थे और 7 मौतें हुई थीं।

    कोरोना केस नवंबर के बाद 10 हजार के पार

    स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकडों के मुताबिक, एक्टिव केस बढ़कर 10,300 हो गए हैं, जो पिछले साल नवंबर के बाद सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 12 नवंबर को देश में 11084 एक्टिव केस दर्ज किए गए थे।

    महाराष्ट्र में हालात चिंताजनक

    सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में मिल रहे हैं। यहां केसेस में बढ़ोतरी को देखते हुए टेस्टिंग बढ़ा दी गई है। मुंबई के कुछ प्राइवेट अस्पतालों में कोविड वार्ड खुलने लगे हैं। वहीं, सरकार ने भी सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों को स्टैंडबाय मोड में रहने को कहा है। साथ ही लोगों को कोविड प्रोटोकॉल फॉलो करने को कहा है।

    अक्टूबर के बाद महाराष्ट्र में एक्टिव केस 2,000 से ज्यादा

    महाराष्ट्र में अक्टूबर के बाद पहली बार एक्टिव केस 2,000 से ज्यादा दर्ज किए गए है। राज्य में पिछले 24 घंटे में 397 नए केस मिले, जो शनिवार के मुकाबले 40 कम हैं। शनिवार को राज्य में 437 संक्रमित मिले थे। जबकि 3 मरीजों की मौत हो गई थी।अकेले मुंबई में रविवार को 123 नए मामले दर्ज किए गए। मुंबई में अभी कोविड के 43 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें से 21 ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। रविवार को मुंबई में 17 नए पॉजिटिव मरीज भर्ती हुए।

    गुजरात में 303, केरल में 299 केस मिले

    महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा मामले गुजरात और केरल में दर्ज किए गए हैं। पिछले 24 घंटों में गुजरात में 303 मरीज मिले। जबकि 1 मरीज की मौत हो गई। उधर केरल में 299, कर्नाटक में 209 और दिल्ली में 153 मामले सामने आए। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में उत्तरप्रदेश में 77, राजस्थान में 46, मध्यप्रदेश में 5 और छत्तीसगढ़ में 1 कोरोना केस मिले हैं। फिलहाल यूपी में 246, राजस्थान में 207, MP में 51 और छत्तीसगढ़ में 23 एक्टिव मामले हैं।

    दुनिया में एक दिन में औसतन 94 हजार केस आ रहे है

    23 मार्च को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने बताया था कि दुनिया में एक दिन में कोविड के औसतन 94 हजार केस सामने आ रहे हैं। भारत में एक दिन में औसतन 966 नए केस मिल रहे हैं। राजेश भूषण के मुताबिक दुनिया के 19% कोरोना मामले अमेरिका, 12.6% मामले रूस और सिर्फ 1% मामले भारत में मिल रहे हैं।