सीएम सम्राट की कैबिनेट में 24 प्रस्तावों पर मुहर, दिनकर और मां सीता विश्वविद्यालय को मिली मंजूरी

Bihar Cabinet: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार शाम मंत्रिमंडल सचिवालय में कैबिनेट की बैठक हुई. बैठक में बिहार सरकार ने 24 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी. इनमें बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय और पटना में मां सीता विश्वविद्यालय की स्थापना, पुलिस आधुनिकीकरण के लिए ड्रोन की खरीद, डेयरी विकास, पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने और स्वास्थ्य संस्थानों में ई-सुश्रुत एनएक्स एप्लीकेशन लागू करने जैसे फैसले शामिल हैं.

Bihar CM Samrat cabinet approves 24 proposals green light given Dinkar Maa Sita universities
Image Source: Social Media

Bihar Cabinet: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार शाम मंत्रिमंडल सचिवालय में कैबिनेट की बैठक हुई. बैठक में बिहार सरकार ने 24 अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी. इनमें बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय और पटना में मां सीता विश्वविद्यालय की स्थापना, पुलिस आधुनिकीकरण के लिए ड्रोन की खरीद, डेयरी विकास, पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने और स्वास्थ्य संस्थानों में ई-सुश्रुत एनएक्स एप्लीकेशन लागू करने जैसे फैसले शामिल हैं.

कैबिनेट ने राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों के तहत बने आयोग, बोर्ड, निगम, परिषद और समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों के वेतन, दैनिक भत्ता और आतिथ्य भत्ता में बदलाव से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी.

बेगूसराय और पटना में नए विश्वविद्यालय

कैबिनेट ने बिहार विशिष्ट विश्वविद्यालय अधिनियम, 2026 के तहत बेगूसराय में रामधारी सिंह दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी है. विश्वविद्यालय में पदाधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन समेत अन्य खर्चों के लिए 15 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है.

इसी तरह पटना में मां सीता विश्वविद्यालय की स्थापना को भी मंजूरी मिली है. इसके लिए भी पदाधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन आदि पर 15 करोड़ रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के जरिए भी इसकी जानकारी दी.

नवादा में फिर लौटेगी गन्ने की मिठास

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नवादा में एक बार फिर गन्ने की मिठास लौटेगी. उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि वारिसलीगंज में नई चीनी मिल लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है. इससे 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश होने की उम्मीद है और नवादा, नालंदा, शेखपुरा और जमुई के हजारों किसानों को सीधे फायदा मिलेगा.

कैबिनेट ने नवादा में 99.39 एकड़ सरकारी जमीन चीनी मिल की स्थापना के लिए गन्ना उद्योग विभाग को अंतरविभागीय स्थायी नि:शुल्क हस्तांतरित करने की मंजूरी भी दी है.

पूर्व बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के लिए 757.63 करोड़

कैबिनेट ने पूर्व बिहार राज्य विद्युत बोर्ड के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के 31 अक्टूबर 2012 तक के अनफंडेड टर्मिनल बेनिफिट दायित्व के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 757.63 करोड़ रुपये देने की मंजूरी दी है. यह राशि बिहार स्टेट पावर (होल्डिंग) कंपनी लिमिटेड को पांच समान किस्तों में दी जाएगी.

पुलिस और मद्यनिषेध विभाग के लिए 336.85 करोड़

जिला पुलिस, रेल पुलिस, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो को मजबूत करने के लिए उपकरण और दूसरे जरूरी सामान खरीदे जाएंगे. इसके अलावा लोक भवन के उपयोग के लिए भी उपकरण खरीदे जाएंगे. इसके लिए 3368.50 लाख यानी करीब 336.85 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है.

पुलिस के लिए खरीदे जाएंगे 50 ड्रोन

केंद्र प्रायोजित पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत राज्य को मिलने वाली सहायता योजना ASUMP के तहत 50 आधुनिक ड्रोन खरीदने की मंजूरी दी गई है. इनका इस्तेमाल भीड़ नियंत्रण और प्रबंधन, नदी क्षेत्र में ऑपरेशन, नक्सल विरोधी और अपराध विरोधी अभियान के साथ आपदा प्रबंधन में किया जाएगा. इसके लिए 24.50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है.

बिहार जल संसाधन विकास निगम के गठन को मंजूरी

जल संसाधन विभाग के तहत कंपनी एक्ट-2013 के अनुसार बिहार जल संसाधन विकास निगम लिमिटेड के गठन को कैबिनेट ने मंजूरी दी है. इसमें मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन और आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन भी शामिल हैं.

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2028-29 तक तीन साल के लिए मुख्यमंत्री गौधन विकास ऋण योजना को मंजूरी दी गई है. इस योजना पर कुल 160 करोड़ 10 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है.

कोसी क्षेत्र में डेयरी विकास को बढ़ावा

सात निश्चय-3 के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 में कोसी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, सुपौल के तहत सुपौल, मधेपुरा और सहरसा में डेयरी विकास की कई योजनाओं को मंजूरी मिली है.

इनमें दही प्लांट, प्रीमियम आइसक्रीम प्लांट, टोटल मिक्स्ड राशन प्लांट, बछड़ा हीफर फार्म, सीमेन, नई दुग्ध सहकारी समितियों का गठन, मिल्क चिलिंग प्लांट और बीएमसीयू के लिए इंस्टेंट मिल्क चिलिंग सिस्टम शामिल हैं. इन योजनाओं पर 126.07 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए नई नीति

बिहार में पशु चिकित्सा सेवाओं को बेहतर और मजबूत करने के लिए 'बिहार पशु चिकित्सा अवस्थापना एवं सेवा सुदृढ़ीकरण नीति' को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है.

इसके अलावा पटना नगर निगम को वर्ष 1993-94 से 2004-05 तक कर्मचारियों के वेतन आदि के भुगतान के लिए राज्य सरकार की ओर से दिए गए 41 करोड़ 41 हजार 74 रुपये के ऋण को अनुदान में बदलने की मंजूरी दी गई है. साथ ही यूसी/डीसी की अनिवार्यता में भी छूट दी गई है.

दो जिलों में जमीन हस्तांतरण को मंजूरी

कटिहार जिले में 35 डिसमिल जमीन पर आईबी पोस्ट ऑफिस-सह-आवासीय परिसर बनाने के लिए गृह मंत्रालय को 99.75 लाख रुपये के भुगतान पर जमीन स्थायी रूप से हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है.

वहीं जहानाबाद में 17.02 डिसमिल जमीन पर एसआईबी के कार्यालय-सह-आवासीय भवन के निर्माण के लिए 1.07 करोड़ रुपये से ज्यादा के भुगतान पर गृह मंत्रालय को जमीन हस्तांतरित करने की स्वीकृति दी गई है.

इन तीन प्रस्तावों पर भी मुहर

कैबिनेट ने बिहार बॉयलर (जांच, न्यायनिर्णयन एवं अपील) नियमावली, 2026 को मंजूरी दी है. इसके अलावा युद्ध एवं युद्ध जैसी स्थिति में शहीद सूबेदार संतोष कुमार की आश्रित पत्नी कनक कुमारी को अनुकंपा के आधार पर बिहार सरकार में नौकरी देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है.

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत जीपीओ गोलंबर के पास मल्टी-मॉडल हब को पटना जंक्शन से जोड़ने वाले भूमिगत सब-वे का नाम 'आचार्य किशोर कुणाल सब-वे' रखने की स्वीकृति भी दी गई है.

12 चिकित्सा संस्थानों में ई-सुश्रुत एनएक्स एप्लीकेशन

राज्य के 12 चिकित्सा संस्थानों में सी-डैक की ओर से विकसित ई-सुश्रुत एनएक्स एप्लीकेशन लागू करने की योजना को मंजूरी दी गई है. इसके संचालन पर तीन साल में 29.79 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. योजना के संतोषजनक संचालन की स्थिति में दो साल के लिए 10.98 करोड़ रुपये की लागत से अवधि बढ़ाने का भी प्रावधान रखा गया है.

मत्स्य क्षेत्र के लिए 195.28 करोड़ की योजना

बिहार राज्य मछुआरा आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के मानदेय और दूसरी सुविधाओं को नए सिरे से तय करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है.

इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27, 2027-28 और 2028-29 में मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि अवसंरचना विकास कोष (FIDF) के तहत चंपारण क्षेत्र में प्रस्तावित परियोजना के लिए 195.28 करोड़ रुपये की लागत को मंजूरी दी गई है.

पशुधन सर्वेक्षण के लिए 81 पदों का सृजन

केंद्र प्रायोजित 'पशुधन गणना एवं एकीकृत नमूना सर्वेक्षण' योजना के तहत राज्य में दूध, अंडा, मांस और ऊन के उत्पादन का अनुमान लगाने के लिए 81 नए पद बनाए जाएंगे. वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसके लिए 5.21 करोड़ रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गई है.

गांधी जयंती पर दो दोषसिद्ध कैदियों को रिहाई

महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर 2026 को एक बारगी उपाय के तहत दो दोषसिद्ध बंदियों को परिहार का लाभ देकर जेल से रिहा करने का फैसला लिया गया है. इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के 30 जुलाई 2026 और 10 सितंबर 2026 के आदेशों के आधार पर बिहार कारा हस्तक, 2012 के नियम-743 में संशोधन को भी मंजूरी दी गई है.

ये भी पढ़ें- भारत के आगे झुका पाकिस्तान का ये दोस्त, डीजल के लिए अब इंडिया पर निर्भर, यूरोप-केन्या भी बने ग्राहक