राजस्थान के 3 बड़े शहरों में BJP का मेयर, 10 में से 9 नगर निगमों पर बीजेपी का कब्जा

Rajasthan BJP Mayors: राजस्थान के तीन बड़े शहरों जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में बीजेपी ने मेयर पद पर जीत दर्ज की है. जयपुर में सुनील कोठारी, जोधपुर में प्रसन्नचंद मेहता और कोटा में अनुसुईया गोस्वामी नए महापौर चुने गए हैं.

BJP mayoral posts 3 major cities Rajasthan controls 9 out of 10 municipal corporations
Image Source: Social Media

Rajasthan BJP Mayors: राजस्थान के तीन बड़े शहरों जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम में बीजेपी ने मेयर पद पर जीत दर्ज की है. जयपुर में सुनील कोठारी, जोधपुर में प्रसन्नचंद मेहता और कोटा में अनुसुईया गोस्वामी नए महापौर चुने गए हैं. प्रदेश के 10 नगर निगमों में से 9 में बीजेपी अपना बोर्ड बनाने में कामयाब रही है, जबकि कांग्रेस का बोर्ड सिर्फ बीकानेर में बना है.

जयपुर, जोधपुर और कोटा तीनों जगह बीजेपी के उम्मीदवारों को पार्टी के पार्षदों की संख्या से ज्यादा वोट मिले. कोटा में कांग्रेस पार्षदों की ओर से बड़े स्तर पर क्रॉस वोटिंग भी देखने को मिली. हालांकि तीनों नगर निगमों में मेयर चुनाव के दौरान सियासी घटनाक्रम काफी चर्चा में रहा.

जयपुर में मतदान के दौरान कांग्रेस विधायक रफीक खान को निगम परिसर में जाने से रोके जाने पर विवाद हो गया. पुलिस और प्रशासन की ओर से निगम गेट पर रोके जाने के बाद रफीक खान वहीं धरने पर बैठ गए. इस दौरान विरोध-प्रदर्शन भी हुआ. कांग्रेस पार्षद मुकेश छापोला ने भी प्रशासन पर उन्हें वोट डालने से रोकने का आरोप लगाया.

बीजेपी के सुनील कोठारी ने संभाली कुर्सी

विरोध और विवाद के बीच बीजेपी के सुनील कोठारी ने जयपुर मेयर का चुनाव जीत लिया और पदभार संभाल लिया. पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि वह सभी 150 पार्षदों को साथ लेकर जयपुर के विकास को आगे बढ़ाएंगे.

जोधपुर में प्रसन्नचंद मेहता ने 53 वोट हासिल कर मेयर पद पर जीत दर्ज की. पद संभालने के बाद उन्होंने कहा कि दीपावली नजदीक है, इसलिए शहर की खराब सड़कों को ठीक कराना उनकी प्राथमिकता होगी.

वहीं, कोटा की नवनिर्वाचित महापौर अनुसुईया गोस्वामी पदभार ग्रहण करने के दौरान भावुक हो गईं. उन्होंने मेयर की टेबल को प्रणाम किया और इसके बाद अपना कार्यभार संभाला.

श्रीविजयनगर में कांग्रेस की जीत

राज्य के दूसरे निकायों की बात करें तो सुकेत नगर पालिका में बीजेपी के जितेंद्र चोपड़ा अध्यक्ष चुने गए. वहीं श्रीविजयनगर में कांग्रेस के सुशील मिढ़ा ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की.

सीकर के प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटूश्यामजी नगर पालिका के अध्यक्ष पद का चुनाव अभी कानूनी पेंच में फंसा हुआ है. यहां कुल 20 पार्षदों में से 19 ने वोट डाला था, क्योंकि कांग्रेस की एक महिला पार्षद के लापता होने की बात सामने आई थी.

कांग्रेस प्रत्याशी विनीता की याचिका पर हाईकोर्ट ने डाले गए 19 वोटों की गिनती करने का आदेश दिया था. हालांकि रिटर्निंग ऑफिसर को कोर्ट के आदेश की सत्यापित कॉपी नहीं मिल सकी. इसके चलते मतगणना को अगले आदेश तक रोक दिया गया है.

ये भी पढ़ें- AMCA के बाद 6ठी पीढ़ी का फाइटर जेट... राजनाथ सिंह ने बता दिया भारत का अगला मिशन, जानें डिफेंस प्लान