Bihar Flood 2026: नेपाल में लगातार हुई तेज बारिश के बाद बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. भारत-नेपाल सीमा पर वाल्मीकि नगर गंडक बैराज में पानी का दबाव बढ़ने के बाद प्रशासन को सभी गेट खोलने पड़े. गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से उत्तर बिहार के कई सीमावर्ती जिले प्रभावित हैं.
सारण और मुजफ्फरपुर में तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है और कुछ जगहों पर नेशनल हाईवे तक पहुंच गया है. गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बगहा और सारण के कई इलाकों में हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं.
नेपाल से आया भारी पानी, कई जिलों में बाढ़
नेपाल में भारी बारिश के कारण गंडक बैराज में पानी का स्तर काफी बढ़ गया. पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए बैराज के सभी गेट खोल दिए गए. बताया गया कि नेपाल की तरफ से करीब 8.5 लाख क्यूसेक पानी भारत की ओर छोड़ा गया था. हालांकि, गुरुवार दोपहर तक पानी छोड़ने की रफ्तार में कुछ कमी आई और करीब 1 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया.
इसके बावजूद पहले छोड़े गए भारी मात्रा में पानी के कारण नेपाल से सटे बिहार के इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. गंडक नदी का पानी कई निचले इलाकों में फैल गया है, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
बगहा और चंपारण में सबसे ज्यादा असर
नेपाल के पहाड़ी इलाकों से आने वाली त्रिवेणी और नारायणी नदियां भारत में पहुंचने के बाद गंडक नदी का हिस्सा बनती हैं. इस समय गंडक नदी के बढ़े जलस्तर का असर बिहार के कई इलाकों में देखने को मिल रहा है.
बगहा, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं. कई जगहों पर गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है. पानी बढ़ने के कारण लोग सुरक्षित जगहों और ऊंचे बांधों पर शरण लेने को मजबूर हैं.
सारण में तटबंध टूटा, गांवों में घुसा पानी
सारण जिले में भी बाढ़ की स्थिति चिंताजनक हो गई है. मकेर प्रखंड में मुख्य तटबंध टूटने के बाद कई पंचायतों में बाढ़ का पानी घुस गया. इसका असर पड़ोसी अमनौर प्रखंड के कई इलाकों में भी पड़ा है. पानी का तेज बहाव अब परसा प्रखंड की तरफ बढ़ रहा है, जिससे वहां भी खतरा बढ़ गया है.
कई जगहों पर बाढ़ का पानी एनएच-722 तक पहुंच गया है. इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है. प्रशासन के मुताबिक, बुधवार शाम तक जिले की 18 पंचायतों के 48 गांवों की करीब 24,725 आबादी और 4,220 परिवार बाढ़ से प्रभावित हो चुके थे.
तटबंधों की सुरक्षा बढ़ाई गई
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बिहार सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट पर हैं. बगहा से गोपालगंज तक नदी के किनारे बने तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है. कई जगह पानी के दबाव के कारण रिसाव का खतरा भी बना हुआ है.
संवेदनशील इलाकों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को नावों के साथ तैनात किया गया है. इन टीमों की मदद से बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है.
ये भी पढ़ें- बिहार के पते पर 31 अफगानियों ने बनवाया भारतीय पासपोर्ट, कैसे हुआ पूरा खेल? पटना पुलिस ने शुरू की जांच