Sumedha Murder Case: जम्मू में श्रद्धा जैसा हत्याकांड, जौहर ने कर दी गर्लफ्रेंड सुमेधा की हत्या

    जानीपुर इलाके में बुधवार देर रात जौहर महमूद ने अपनी प्रेमिका डॉ. सुमेधा की मांस काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर हत्या कर दी. जिससे सुमेधा की मौके पर ही मौत हो गई।

    जम्मू से एक मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक डॉक्टर गर्लफ्रेंड की उसके बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी है. बताया जा रहा है कि शहर के जानीपुर इलाके में बुधवार देर रात जौहर महमूद ने अपनी प्रेमिका डॉ. सुमेधा की मांस काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर हत्या कर दी. जिससे सुमेधा की मौके पर ही मौत हो गई। सुमेधा की हत्या करने के बाद जौहर ने उसी चाकू से खुद के पेट में भी वार कर लिया। जानकारी के मुताबिक हत्यारोपी खुद पर किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया है. जिसके चलते वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    तालाब तिल्लो की रहने वाली थीं सुमेधा 

    वहीं मामले को लेकर जानीपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि जौहर महमूद की हालत बयान देने लायक नहीं है. उसके बयान के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि उसने सुमेधा को क्यों मारा। 26 साल की डॉ. सुमेधा जम्मू के तालाब तिल्लो गोल पुली की रहने वाली थीं।

    होली की छुट्टियों में घर आई थी सुमेधा 

    जानकारी के मुताबिक, सुमेधा ने जम्मू के एक डेंटल कॉलेज से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) की है। वह दिल्ली से मास्टर इन डेंटल स्टडीज (एमडीएस) कर रही थी। सुमेधा होली की छुट्टियों में घर आई थी। सात मार्च को वह जानीपुर स्थित जौहर के घर गई थी।

    302 का मामला दर्ज 

    आरोपी की पहचान डोडा जिले के भद्रवाह निवासी जौहर गनई के रूप में हुई है। आरोपी का परिवार फिलहाल पंपोश कॉलोनी में रहता है। सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच कहासुनी हुई और उसी दौरान जौहर ने सुमेधा की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने उसी चाकू से खुदकुशी करने की कोशिश की। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला का शव उसके परिजनों को सौंप दिया। साथ ही आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।