Weather Alert: 15 राज्यों में भीषण आंधी और बारिश, 80KM की स्पीड से आएगा तूफान, IMD ने जारी किया अलर्ट

दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल तट से आगे बढ़ते हुए देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय होता जा रहा है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश, आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है.

Weather Alert Severe storms and rain across 15 states storm IMD weather Updates
Image Source: ANI

Weather Alert: दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल तट से आगे बढ़ते हुए देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय होता जा रहा है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 15 राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश, आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है. कई क्षेत्रों में तेज हवाओं की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

इन 15 राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट

  • दिल्ली
  • उत्तर प्रदेश
  • बिहार
  • राजस्थान
  • मध्य प्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तराखंड
  • हिमाचल प्रदेश
  • झारखंड
  • जम्मू-कश्मीर
  • गुजरात
  • तमिलनाडु
  • असम
  • नागालैंड
  • त्रिपुरा

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

18 से 21 जून के बीच दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. भीषण गर्मी से राहत मिलने के संकेत हैं. मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट और मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है.

उत्तर प्रदेश का मौसम

लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. वहीं बाराबंकी, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, झांसी, नोएडा, गोरखपुर, आजमगढ़, मेरठ, ललितपुर, फिरोजाबाद, रामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत और देवरिया में बारिश के साथ तेज आंधी की संभावना जताई गई है.

बिहार का मौसम

पटना सहित कई जिलों में 18 से 20 जून के बीच बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं. सिवान, पूर्णिया, दरभंगा, पश्चिम चंपारण, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, मधेपुरा, भोजपुर, मधुबनी, वैशाली, किशनगंज, सहरसा, कटिहार और सुपौल में मौसम खराब रहने की संभावना है.

राजस्थान का मौसम

जयपुर सहित राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. बीकानेर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के कई इलाकों में भी बारिश होने के आसार हैं. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में मौसम सक्रिय बना रह सकता है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का मौसम

भोपाल में शाम के समय बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, विदिशा, सागर, दमोह, खंडवा, रायसेन, मंदसौर, आगर-मालवा, छिंदवाड़ा और मंडला सहित कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है. कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. छत्तीसगढ़ में भी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है.

उत्तराखंड का मौसम

18 से 22 जून के बीच देहरादून सहित कई जिलों में मौसम बिगड़ सकता है. नैनीताल, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, चमोली, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

हिमाचल प्रदेश का मौसम

शिमला, मनाली, कुल्लू, सोलन, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा और मंडी में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है.

झारखंड का मौसम

रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. बोकारो, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, जामताड़ा, सरायकेला, पलामू, धनबाद, हजारीबाग, साहिबगंज और गिरिडीह में 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

जम्मू-कश्मीर का मौसम

18 से 22 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर में मौसम अस्थिर बना रह सकता है. कुपवाड़ा, बारामुला, बांदीपोरा, गांदरबल, बडगाम, सोनमर्ग, बालटाल, पहलगाम और दक्षिण कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना है. कुछ इलाकों में अचानक मौसम बिगड़ सकता है.

गुजरात का मौसम

दक्षिण गुजरात के सूरत, तापी, नवसारी, वलसाड, डांग, दमन और दादरा-नगर हवेली सहित कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं बनासकांठा, साबरकांठा और अरावली जिलों में भी वर्षा हो सकती है. अहमदाबाद में बादल छाए रहने की संभावना है.

तमिलनाडु का मौसम

राज्य में गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन हवाओं के पैटर्न में बदलाव के कारण कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. नमक्कल, सलेम, तिरुचि, पेरम्बलुर, अरियालुर, कल्लाकुरिची, तंजावुर, तिरुवरुर और मयिलादुथुराई में मध्यम बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. मदुरै, रामनाथपुरम और शिवगंगा में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग की सलाह

जिन क्षेत्रों में आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. किसानों और यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की आवश्यकता है.

ये भी पढ़ें- Love Rashifal: कुंभ-कर्क राशि वालों को मिलेगा रोमांस, रिश्तों में आएंगे उतार-चढ़ाव, पढ़ें आज का लव राशिफल