NEET UG re-exam 2026 Result: NEET UG री-एग्जाम 2026 में शामिल हुए लाखों छात्रों का रिजल्ट अगले महीने जुलाई के आखिर तक जारी किया जा सकता है. रिजल्ट घोषित होने के बाद उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे. रविवार को आयोजित हुई इस परीक्षा में देशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया.
पिछले वर्षों का रिकॉर्ड क्या कहता है?
पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों को देखें तो NEET का रिजल्ट आमतौर पर परीक्षा के 40 से 45 दिनों के भीतर जारी कर दिया जाता है. साल 2025 में परीक्षा 4 मई को हुई थी और रिजल्ट 14 जून को घोषित किया गया था.
वहीं 2024 में मुख्य परीक्षा 5 मई को आयोजित हुई थी, जिसका परिणाम 4 जून को आया था. बाद में हुए री-एग्जाम का रिजल्ट 30 जून को जारी किया गया था. इसी तरह 2023 में रिजल्ट 13 जून, 2022 में 7 सितंबर और 2021 में 1 नवंबर को घोषित किया गया था.
स्कोरकार्ड कहां और कैसे मिलेगा?
रिजल्ट जारी होने के बाद उम्मीदवार NEET की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे. वेबसाइट पर रिजल्ट लिंक एक्टिव होने के बाद उम्मीदवार अपने एप्लिकेशन नंबर और जन्मतिथि की मदद से लॉगिन कर सकेंगे. इसके बाद स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड और प्रिंट भी किया जा सकता है.
आंसर की भी होगी जारी
रिजल्ट से पहले एनटीए द्वारा परीक्षा की आंसर की जारी की जाएगी. उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आंसर की देख और डाउनलोड कर सकेंगे. इससे उन्हें अपने संभावित अंकों का अंदाजा लगाने में मदद मिलेगी.
आपत्ति दर्ज कराने का मिलेगा मौका
अगर किसी उम्मीदवार को आंसर की में किसी सवाल या जवाब को लेकर आपत्ति होती है, तो वह निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकेगा. इसके लिए उम्मीदवार को संबंधित दस्तावेज और प्रमाण अपलोड करने होंगे. निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद आवेदन सबमिट किया जा सकेगा.
छात्रों की नजरें अब रिजल्ट पर
री-एग्जाम खत्म होने के बाद अब लाखों छात्रों की नजरें रिजल्ट और काउंसलिंग प्रक्रिया पर टिकी हैं. मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की दौड़ में बेहतर रैंक हासिल करने के लिए उम्मीदवार बेसब्री से परिणाम का इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- IND vs ENG: इंग्लैंड वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, विराट-बुमराह की वापसी, कौन हुआ बाहर?