अमित शाह से मिले अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, बैठक में सीमा सुरक्षा समेत इन मुद्दों पर हुई बात

नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बीच हुई बैठक में दोनों देशों के साझा सुरक्षा हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.

US Ambassador Sergio Gor meets Amit Shah india america relations
Image Source: ANI

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बीच हुई बैठक में दोनों देशों के साझा सुरक्षा हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. खास तौर पर आतंकवाद, नशीले पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और सीमा सुरक्षा जैसे विषय बैठक के केंद्र में रहे. 

आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर जोर

बैठक के बाद गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत और अमेरिका के बीच आतंकवाद, नशीली दवाओं की तस्करी तथा संगठित अपराध नेटवर्क से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ. साथ ही सीमा सुरक्षा तंत्र को और प्रभावी बनाने के उपायों पर भी चर्चा की गई. गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की उस प्रतिबद्धता को दोहराया, जिसके तहत दोनों देशों की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आपसी हितों और वैश्विक सुरक्षा के लिए लगातार मजबूत किया जा रहा है.

अमेरिकी राजदूत ने बैठक को बताया बेहद सकारात्मक

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी इस मुलाकात को बेहद सकारात्मक बताया. सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा कि गृह मंत्री अमित शाह के साथ बहुत अच्छी मीटिंग हुई. आतंकवाद से लड़ने, अपने लोगों को नशीले पदार्थों और गैर-कानूनी ड्रग्स से बचाने, अपने बॉर्डर को सुरक्षित करने और दोनों देशों में मिलकर अपराधियों को सजा दिलाने के लिए मिलकर काम करने पर हमारी अच्छी चर्चा हुई.

व्यापार वार्ता को भी मिल सकती है नई गति

इसी बीच भारत-अमेरिका संबंधों से जुड़े एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमीसन ग्रीर अगले सप्ताह भारत दौरे पर आने वाले हैं. उनका यह दौरा दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से होगा. सरकार के अनुसार हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बैठक में भी भारत-अमेरिका कॉम्प्रिहेंसिव ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को लेकर दोनों नेताओं ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई थी. ऐसे में सुरक्षा और व्यापार दोनों मोर्चों पर भारत और अमेरिका के रिश्तों को नई मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है.

ये भी पढ़ें: India-UK FTA: प्रीमियम व्हिस्की से लेकर लग्‍जरी कार तक... 15 जुलाई से भारत में क्या होगा सस्ता? देखें लिस्ट