नागपुर में वायुसेना अधिकारी की पत्नी के साथ दिल दहलाने वाली घटना, दो सहपाठी गिरफ्तार, एक मौलाना फरार

Nagpur Religion Conversion Case: महाराष्ट्र के नागपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 24 वर्षीय महिला ने अपने पुराने स्कूल के सहपाठी समेत तीन लोगों पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है.

Allegations of rape and forced religious conversion of a woman in Nagpur viral video sparks a sensation
Image Source: Social Media

Nagpur Religion Conversion Case: महाराष्ट्र के नागपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 24 वर्षीय महिला ने अपने पुराने स्कूल के सहपाठी समेत तीन लोगों पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है. मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद यह घटना चर्चा का विषय बन गई है.

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक महिला रोती हुई दिखाई दे रही है. वह बार-बार खुद को छोड़ने की गुहार लगाती नजर आती है. वहीं एक युवक उसका हाथ पकड़े हुए कुछ पढ़ता है और उसके ऊपर फूंक मारता दिखाई देता है. महिला खुद को छुड़ाने की कोशिश करती नजर आती है.

महिला का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे है. उसने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया.

एयरफोर्स अधिकारी की पत्नी है पीड़िता

पुलिस के मुताबिक पीड़िता के पति भारतीय वायुसेना में अधिकारी हैं और फिलहाल दूसरे शहर में तैनात हैं. महिला नागपुर में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है.  शिकायत के अनुसार, फरवरी 2025 में आरोपी अय्याज ने जमीन खरीदने के बहाने महिला से संपर्क किया. 

दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे क्योंकि वे स्कूल में साथ पढ़ चुके थे. महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे एक होटल में बुलाया और जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. इसके बाद वह बेहोश हो गई.

वीडियो और तस्वीरों के जरिए किया ब्लैकमेल

महिला का आरोप है कि बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी तस्वीरें व वीडियो बना लिए. बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को दिखाकर उसे धमकाया गया. पीड़िता का कहना है कि आरोपी लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करता रहा. इस दौरान उसने कई बार उसका यौन शोषण किया और उससे लाखों रुपये भी वसूल लिए.

जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप

महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उसे दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया. उसने कहा कि इस काम में अय्याज के साथ अमीन शेख और एक मौलाना भी शामिल थे. महिला का दावा है कि उससे कुछ धार्मिक अनुष्ठान भी कराए गए. हाल ही में जब उसके पति छुट्टी पर घर आए, तब महिला ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और मामला दर्ज कराया गया.

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म, जबरन वसूली, धर्म परिवर्तन और अंधविश्वास विरोधी कानून से जुड़ी विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. इस मामले में मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे और उसके साथी अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं तीसरा आरोपी, जो मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा का रहने वाला बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है.

 ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के सोलापुर में बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप कुएं में गिरी, 8 लोगों की मौत