NEET UG Re-Exam 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 री-एग्जामिनेशन के लिए उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के उद्देश्य से एजेंसी ने ड्रेस कोड और एंट्री से जुड़े नियमों की जानकारी दी है. परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें ताकि प्रवेश के समय किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
NEET UG 2026 ड्रेस कोड: क्या पहनकर जाएं?
NTA के अनुसार, उम्मीदवारों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचना चाहिए. हालांकि आवश्यकता होने पर पूरी बाजू (फुल स्लीव) या ऊनी कपड़े पहनने की अनुमति होगी, लेकिन ऐसे छात्रों को सुरक्षा जांच के लिए समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा.
धार्मिक आस्था से जुड़े प्रतीक जैसे पगड़ी, हिजाब, कलावा या अन्य धार्मिक वस्तुएं पहनने वाले अभ्यर्थियों को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी. हालांकि उन्हें अतिरिक्त जांच प्रक्रिया के लिए पहले रिपोर्ट करना होगा. इसके अलावा सभी उम्मीदवार परीक्षा केंद्र के भीतर पारदर्शी पानी की बोतल लेकर जा सकते हैं.
फुटवियर को लेकर क्या हैं नियम?
छात्रों को साधारण चप्पल या कम हील वाले फुटवियर पहनने की सलाह दी गई है. यदि कोई उम्मीदवार हाई हील या जटिल डिजाइन वाले फुटवियर पहनकर आता है, तो उसे अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ सकता है.
इन वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षा हॉल के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी. प्रतिबंधित वस्तुओं में शामिल हैं:
इसके अलावा धातु से बनी वस्तुएं, बड़े बकल वाली बेल्ट, भारी आभूषण और अन्य एक्सेसरीज भी परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
अनिवार्य होगी सुरक्षा जांच
NTA ने स्पष्ट किया है कि सभी उम्मीदवारों की प्रवेश से पहले सुरक्षा जांच की जाएगी. इसलिए छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, विशेषकर उन उम्मीदवारों को जो धार्मिक या विशेष परिधान पहनकर परीक्षा देने आएंगे.
सहायता के लिए संपर्क करें
यदि किसी उम्मीदवार को परीक्षा नियमों या प्रवेश प्रक्रिया को लेकर कोई जानकारी चाहिए, तो वह NTA हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकता है. इसके अलावा neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है. परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को सलाह दी गई है कि वे सभी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए परीक्षा केंद्र पहुंचें.
ये भी पढ़ें- दूध का दूध और पानी का पानी होगा... राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर बोले सीएम योगी, सपा पर साधा निशाना