BSF Weapons Seizure: सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों की बड़ी खेप बरामद की है. इस ऑपरेशन के दौरान एक भारतीय नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है, जिस पर बरामद हथियारों को आगे पहुंचाने की साजिश में शामिल होने का आरोप है.
ड्रोन के जरिए पहुंचाई गई थी खेप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हथियारों की यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में भेजी गई थी. सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इसके पीछे सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क और खुफिया एजेंसियों का हाथ हो सकता है.
क्या-क्या हुआ बरामद?
BSF की कार्रवाई में एक AK-47 राइफल, 25 विदेशी पिस्तौल, 368 कारतूस और 47 मैगजीन बरामद की गई हैं. सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक यह बरामदगी हाल के समय की महत्वपूर्ण सफलताओं में से एक मानी जा रही है.
लोपोके-रमदास सेक्टर में चला ऑपरेशन
यह कार्रवाई पंजाब में लोपोके और रमदास सेक्टर के बीच की गई. खुफिया सूचना मिलने के बाद BSF की 117 बटालियन ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके दौरान हथियारों की खेप बरामद हुई और एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया.
कई राज्यों तक पहुंचाई जानी थी सप्लाई
जांच एजेंसियों को संदेह है कि इन हथियारों को केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के आपराधिक नेटवर्क तक पहुंचाने की योजना थी. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
जांच में जुटीं एजेंसियां
सुरक्षा एजेंसियां अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं. बरामद हथियारों की सप्लाई चेन, सीमा पार संपर्कों और स्थानीय नेटवर्क की पहचान करने के लिए कई पहलुओं पर जांच जारी है. BSF का कहना है कि सीमा पार से होने वाली तस्करी और ड्रोन गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा ऐसे प्रयासों को विफल करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है.
ये भी पढ़ें- 'PoK में रोटी मांगने वालों को गोलियां मिलीं...' भारत ने UNHRC में खोली पाकिस्तान की पोल, देखें क्या कहा