Leonel Messi World Record: अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है. अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर उतरते ही मेसी दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए, जिन्होंने छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया है.
कंसास सिटी में खेले गए इस मुकाबले में मेसी अर्जेंटीना की शुरुआती एकादश का हिस्सा थे. इसी के साथ उन्होंने अपने देश के लिए 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेला. यह उपलब्धि उनके शानदार करियर में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ती है.
दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा
इससे पहले जर्मनी के लोथार मैथाउस और मैनुएल नोयर, मेक्सिको के राफेल मार्केज, आंद्रेस गार्डाडो और एंटोनियो कार्बाजाल पांच-पांच वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड साझा करते थे. अब मेसी ने छह वर्ल्ड कप खेलकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
हालांकि, पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी मौजूदा टूर्नामेंट में अपना छठा वर्ल्ड कप खेलकर इस उपलब्धि की बराबरी कर सकते हैं. फिलहाल यह रिकॉर्ड केवल अर्जेंटीना के कप्तान मेसी के नाम दर्ज है.
#SelecciónMayor
— 🇦🇷 Selección Argentina ⭐⭐⭐ (@Argentina) June 17, 2026
Doscientos partidos de un amor eterno 💙🤍
📝 https://t.co/XMniiHSL2P pic.twitter.com/T5d8P7v8db
शानदार रहा वर्ल्ड कप करियर
मेसी का वर्ल्ड कप सफर बेहद सफल रहा है. 2022 में कतर में आयोजित टूर्नामेंट में उन्होंने सात गोल किए थे और फाइनल में फ्रांस के खिलाफ दो अहम गोल दागकर अर्जेंटीना को विश्व चैंपियन बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी. पेनल्टी शूटआउट में भी उन्होंने अपनी टीम के लिए पहला सफल प्रयास किया था. उस जीत के साथ अर्जेंटीना ने 1986 के बाद पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की थी.
अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़े
अर्जेंटीना के लिए मेसी अब तक 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 118 गोल किए हैं और 64 गोल में असिस्ट भी दिया है. वहीं वर्ल्ड कप इतिहास में उनके नाम 27 मैचों में 14 गोल और 8 असिस्ट दर्ज हैं. छह वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड मेसी की महानता को और मजबूत करता है और उन्हें फुटबॉल इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में और ऊंचा स्थान दिलाता है.
ये भी पढ़ें- ट्रंप के बगल में बैठे PM मोदी ने उठाया भारतीयों की मौत का मुद्दा, दुनिया को दिया संदेश