ICC टी20 रैंकिंग में भारतीयों का जलवा, इस खिलाड़ियों को मिला बड़ा फायदा, जानें पूरी जानकारी

T20 Rankings: आईसीसी द्वारा जारी ताजा महिला टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन का इनाम हासिल किया है. महिला टी20 विश्व कप 2026 के शुरुआती मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली भारतीय स्पिनर श्री चरणी और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने रैंकिंग में उल्लेखनीय छलांग लगाई है.

Indian players shine in ICC women rankings significant gains for Sri Charani and Deepti Sharma
Image Source: ANI/ File

T20 Rankings: आईसीसी द्वारा जारी ताजा महिला टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन का इनाम हासिल किया है. महिला टी20 विश्व कप 2026 के शुरुआती मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली भारतीय स्पिनर श्री चरणी और ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने रैंकिंग में उल्लेखनीय छलांग लगाई है. पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली दोनों खिलाड़ियों को नई रैंकिंग में बड़ा फायदा मिला है.

श्री चरणी ने हासिल की करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग

भारतीय बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने गेंदबाजों की टी20 रैंकिंग में पांच स्थान की छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है. उनके खाते में अब 728 रेटिंग अंक हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है. गेंदबाजी रैंकिंग में इंग्लैंड की लिन्सी स्मिथ शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं, जबकि लॉरेन बेल दूसरे स्थान से खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गई हैं.

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में श्री चरणी ने चार ओवर में सिर्फ 21 रन देकर तीन विकेट झटके थे. उन्होंने सायरा जबीन, नतालिया परवेज और रामीन शमीम को आउट कर भारतीय जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था.

दीप्ति शर्मा को भी मिला बड़ा फायदा

पाकिस्तान के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गई दीप्ति शर्मा ने भी आईसीसी रैंकिंग में शानदार प्रगति की है. गेंदबाजों की टी20 रैंकिंग में वह पांच स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गई हैं. वहीं ऑलराउंडर रैंकिंग में दो स्थान की बढ़त के साथ अब तीसरे स्थान पर काबिज हैं.

बल्लेबाजी रैंकिंग में स्मृति टॉप-5 में कायम

बल्लेबाजों की टी20 रैंकिंग में भारतीय स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना पांचवें स्थान पर बनी हुई हैं. वहीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर एक स्थान नीचे खिसककर 11वें नंबर पर पहुंच गई हैं. बल्लेबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वोल शीर्ष स्थान पर बरकरार हैं. दक्षिण अफ्रीका की लॉरा वोल्वार्ड्ट दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी तीसरे नंबर पर आ गई हैं.

ऑलराउंडर रैंकिंग में बदला नंबर-1

महिला टी20 ऑलराउंडर रैंकिंग में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है. न्यूज़ीलैंड की कप्तान अमेलिया केर शीर्ष स्थान से दूसरे नंबर पर खिसक गई हैं. वहीं वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज 471 रेटिंग अंकों के साथ नई नंबर-1 ऑलराउंडर बन गई हैं.

पाकिस्तान पर जीत का मिला इनाम

भारत ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रन से हराया था. इस मैच में श्री चरणी और दीप्ति शर्मा के शानदार प्रदर्शन का असर अब आईसीसी की ताजा रैंकिंग में भी साफ दिखाई दे रहा है. भारतीय टीम के लिए यह टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत के साथ खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिहाज से भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें- कॉमेडी का महाडोज लेकर आ रही है धमाल 4, सामने आए 5 ऐसे मोमेंट्स जिन्होंने बढ़ाया एक्साइटमेंट