देहरादून के निजी अस्पताल में आग लगने से अफरातफरी, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

Dehradun Panacea Hospital: देहरादून-हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार अस्पताल के एसी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया.

Panic due to fire in Dehradun Panacea Hospital short circuit in AC was the reason
Image Source: Social Media

Dehradun Panacea Hospital: देहरादून-हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार अस्पताल के एसी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं फैल गया. धुएं के कारण मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया.

घटना के समय अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे. जैसे ही आग और धुएं की जानकारी मिली, अस्पताल प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. अस्पताल स्टाफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मिलकर सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें शहर के अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किया.

कुछ कर्मचारी हुए घायल

आग और धुएं की चपेट में आने से अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी मरीजों और कर्मचारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया. अस्पताल परिसर में धुएं के कारण कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.

पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमोद डोबाल भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने राहत और बचाव कार्य की निगरानी करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

एसएसपी प्रमोद डोबाल ने बताया कि फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है. सभी मरीजों और घायल कर्मचारियों को सुरक्षित अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.

प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सके.

ये भी पढ़ें- डेढ़ साल बाद फिर मिल सकते हैं पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप, इस देश में हो सकती है मुलाकात; जानें इसके मायने