FIFA World Cup 2026: इस खिलाड़ी ने 96 साल पुराने सपने को बनाया सच, कनाडा ने कतर को 6-0 से हराकर रचा इतिहास

CANADA VS QATAR:  फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान कनाडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप बी के मुकाबले में कतर को 6-0 से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ कनाडा ने वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में नया इतिहास रच दिया.

FIFA World Cup 2026 Canada made history by defeating Qatar 6-0 Jonathan David
Image Source: Social Media

CANADA VS QATAR:  फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मेजबान कनाडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप बी के मुकाबले में कतर को 6-0 से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ कनाडा ने वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में नया इतिहास रच दिया.

इस ऐतिहासिक जीत के नायक स्टार फॉरवर्ड जोनाथन डेविड रहे, जिन्होंने शानदार हैट्रिक लगाकर कतर की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया. उनके दमदार प्रदर्शन ने कनाडा को टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीतों में से एक दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

इतिहास में दर्ज हुई कनाडा की जीत

कतर के खिलाफ 6 गोल दागने के साथ कनाडा वर्ल्ड कप इतिहास में ऐसा करने वाला दूसरा मेजबान देश बन गया. इससे पहले 1978 में अर्जेंटीना ने पेरू को 6-0 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की थी.

जोनाथन डेविड भी अपनी हैट्रिक के साथ रिकॉर्ड बुक में शामिल हो गए. वह कनाडा के लिए वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने. साथ ही यूरोप और दक्षिण अमेरिका के बाहर की किसी टीम के लिए वर्ल्ड कप हैट्रिक लगाने वाले इतिहास के दूसरे खिलाड़ी बन गए. उनसे पहले 1930 में अमेरिका के बर्ट पाटेनॉड ने यह उपलब्धि हासिल की थी.

न्यूयॉर्क से ओटावा और फिर विश्व मंच तक

जोनाथन डेविड का जन्म अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ब्रुकलिन में हुआ था. उनके माता-पिता हैती मूल के हैं. बचपन में उनका परिवार कनाडा के ओटावा में बस गया, जहां से उनके फुटबॉल करियर की शुरुआत हुई. डेविड ने यूरोप में अपने सपनों को आकार दिया. उन्होंने बेल्जियम के क्लब जेंट से पेशेवर करियर शुरू किया और जल्द ही अपनी प्रतिभा से पहचान बना ली. 

वर्ष 2020 में फ्रांस के क्लब लील ने उन्हें लगभग 30 मिलियन यूरो में टीम से जोड़ा. लील के लिए खेलते हुए उन्होंने क्लब को ऐतिहासिक लीग-1 खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. शानदार प्रदर्शन के बाद जुलाई 2025 में इटली के दिग्गज क्लब जुवेंटस ने उन्हें फ्री ट्रांसफर पर अपनी टीम में शामिल किया. अब वही खिलाड़ी कनाडा के लिए विश्व कप में इतिहास रच रहा है.

मैच में कनाडा का दबदबा

मुकाबले की शुरुआत से ही कनाडा ने आक्रामक खेल दिखाया. 16वें मिनट में साइल लारिन ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद 29वें मिनट में जोनाथन डेविड ने अपना पहला गोल किया. पहले हाफ के इंजरी टाइम में डेविड ने दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया. दूसरे हाफ में 64वें मिनट पर नाथन सालिबा ने चौथा गोल किया.

75वें मिनट में कतर के खिलाड़ी मोहम्मद मणी के ओन गोल से कनाडा की बढ़त 5-0 हो गई. इसके बाद मैच के अंतिम क्षणों में जोनाथन डेविड ने तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की और कनाडा का स्कोर 6-0 तक पहुंचा दिया. इस एकतरफा जीत के साथ कनाडा ने न केवल कतर को हराया, बल्कि वर्ल्ड कप इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज कर फुटबॉल जगत में नई पहचान भी बना ली.

ये भी पढ़ें- इजरायल ने ट्रंप के साथ किया खेल, ईरान-अमेरिका पीस डील पर गहराया संकट, लेबनान में तेज हुई सैन्य कार्रवाई