अहमदाबाद: गुजरात पुलिस ने राज्यभर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन डेल्टा हंट’ को और तेज कर दिया है. अभियान के तहत अब तक 501 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई राज्य के कई जिलों में एक साथ संचालित की गई.
पुलिस ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर चिन्हित इलाकों, मजदूर बस्तियों, किराए के आवासों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया. इस दौरान जिला पुलिस, क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की और संदिग्ध व्यक्तियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया.
जांच के बाद सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया
अभियान के शुरुआती चरण में हजारों लोगों की पहचान और जांच की गई थी. दस्तावेजों और पहचान संबंधी जांच के बाद सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया. अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान करने और उनसे जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है.
गुजरात के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री हर्ष संघवी ने अभियान को खुफिया जानकारी पर आधारित समन्वित कार्रवाई बताया है. उनके अनुसार पुलिस की विभिन्न इकाइयां मिलकर ऐसे लोगों की पहचान कर रही हैं जो बिना वैध दस्तावेजों के राज्य में रह रहे हैं. साथ ही उन नेटवर्कों की भी जांच की जा रही है जो उन्हें आवास, रोजगार या दस्तावेज उपलब्ध कराने में मदद कर सकते हैं.
फर्जी दस्तावेजों की भी जांच
अभियान के दौरान पहचान संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है. पुलिस जांच में कुछ मामलों में आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों के संदिग्ध उपयोग की जानकारी सामने आई है. इसके बाद जांच का दायरा उन लोगों और समूहों तक भी बढ़ाया गया है, जिन पर अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों को सहायता उपलब्ध कराने का संदेह है.
पूछताछ और सत्यापन की प्रक्रिया जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों के दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन किया जा रहा है. इसके अलावा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ जारी है. सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला-वार आंकड़े और आगे की कानूनी कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जा सकती है.
गौरतलब है कि ऑपरेशन डेल्टा हंट के पहले चरणों में भी अहमदाबाद, सूरत और राजकोट जैसे शहरों में बड़े पैमाने पर जांच और हिरासत की कार्रवाई की गई थी. देशभर में अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत में रहने वाले लोगों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां लगातार अभियान चला रही हैं.
ये भी पढ़ें- S-400 Air Defence: भारत को रूस से मिली S-400 की चौथी खेप, कितनी है इस एयर डिफेंस सिस्टम की कीमत?